अफजलगढ़ के थाना प्रांगण में आगामी त्यौहार कावड़ यात्रा, मोहर्रम को लेकर एक शांति समिति की बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें एसपी पूर्वी धर्म सिंह मार्छाल व सीओ अर्चना सिंह ने धर्मगुरुओं, संभ्रांत लोगों के साथ बातचीत कर सभी को आपसी भाईचारा,सौहार्द व शांति व्यवस्था के साथ पर्व मनाने की अपील की, एसपी पूर्वी धर्म सिंह मार्छाल ने कहा कि शांति को बनाए रखने में दोनों समुदायों के प्रबुद्धजन, धर्मगुरु पुलिस का सहयोग करे। सभी त्योहार को सादगी के साथ मनाएं। पर्व भाईचारे का संदेश देते हैं। शांति समिति की बैठक में उठाये गये बिन्दुओं से हमें आगामी त्यौहारों को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने हेतु कार्ययोजना बनाने एवं उनके क्रियान्वयन में मदद मिलेगी तथा किसी भी आने वाली समस्या का समाधान हम पहले से ही करने में सफल हो सकेगे। इसके अलावा सुरक्षात्मक दृष्टिकोण से ताजिये की ऊंचाई अधिक न रखें ताकि त्यौहार में कोई खलल न उत्पन्न हो। कोई भी नई परंपरा नहीं शुरू होगी।
उन्होंने आश्वस्त किया कि प्राप्त सूचना पर त्वरित कार्रवाई होगी। यह आपका ही नहीं बल्कि हम सबका त्यौहार है। किसी भी समस्या आने पर उन्हें या थानाध्यक्ष या हल्का इंचार्ज को सूचित कर समस्या का समाधान करा सकते हैं। वही सीओ अर्चना सिंह ने कहा कि सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्यौहारों को मनाए, पर्व-त्योहार में प्रशासन द्वारा आम जन को जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएगी। धार्मिक यात्राओं और जुलूसों में किसी प्रकार के अस्त्र-शस्त्र का प्रदर्शन नहीं होना चाहिए। प्रशासन की ओर से सोशल मीडिया पर विशेष सतर्कता एवं निगरानी बरती जाएगी। शांति समिति की बैठक में मौजूद लोगो ने पुलिस प्रशासन को आगामी त्यौहारों में सहयोग करना का भरोसा दिलाया। इस अवसर पर थानाध्यक्ष पुष्कर सिंह मेहरा, पूर्व चेयरमैन नफीस कुरैशी, पूर्व चेयरपर्सन पति सलीम अंसारी एडवोकेट, शहजाद, असलम अंसारी, अनील नारायण, आदि सहित गणमान्य लोग मौजूद रहे।