![](https://i0.wp.com/www.bandhansamachar.com/wp-content/uploads/2021/09/1225180-cm-pushkar-singh-dhami-attended-the-ashirwad-rally-said-commendable-work-is-being-done-in-double-engine-government.webp?fit=1024%2C614&ssl=1)
आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा लगातार जन आशीर्वाद रैली उत्तराखंड में निकाल रही है। ऋषिकेश में दूसरी बार जन आशीर्वाद रैली का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शामिल हुए।
उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए कई घोषणाएं भी की। श्यामपुर से शुरू हुई जन आशीर्वाद रैली ऋषिकेश बाजार पहुंचकर समाप्त हुई। इस दौरान सामाजिक, धार्मिक संगठनों के साथ भाजपा कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह रैली का स्वागत किया।
मुख्यमंत्री युवाओं के लिए खास आकर्षण का केंद्र बने रहे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल की खूब तारीफ की। उन्होंने उत्तराखंड को देश में आध्यात्मिक और सांस्कृतिक राजधानी के रूप में विकसित करने का दावा भी किया है। रैली के दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने अपना शक्ति प्रदर्शन भी सीएम के सामने किया। लगातार विधानसभा जिंदाबाद के नारे भी लगाये, इस दौरान भारी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।